Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : पुलिस ने मुठभेड़ में तीन बदमाशों को दबोचा

UP News : पुलिस ने मुठभेड़ में तीन बदमाशों को दबोचा

बलिया (हि. स.)। पुलिस ने एक मुठभेड़ में तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया था। पुलिस ने तीनों के पास से लूट की रकम, असलहे व एक बाइक बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा ने बताया कि बैरिया थाना क्षेत्र में 16 फरवरी को एक माइक्रो फाइनेंस कम्पनी के कर्मचारियों से 87 हजार की लूट हुई थी। घटना को चुनौती के रूप में लेते हुए बैरिया पुलिस व स्वाट टीम को लगाया गया था। प्रभारी निरीक्षक बैरिया पुलिस व स्वाट टीम अभियुक्तों तलाश में जुटी थी।
उन्होंने बताया कि गुरुवार की देर शाम प्रभारी निरीक्षक बैरिया संजय त्रिपाठी फोर्स के साथ एनएच 31 के बैरिया-मांझी रोड पर मौजूद थे कि तभी टोला सिवन राय की तरफ से स्वाट टीम के एसआई संजय सरोज भी जिन्न बाबा स्थान पर आ गये। इस बीच मुखबिर ने सूचना दिया कि चाँद दीयर की तरफ से एक पल्सर मोटरसाइकिल पर तीन बदमाश आ रहे हैं। जिन्होंने पिछले दिनों हुई लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस टीम तत्काल मोटरसाइकिल सवारों को पकड़ने के लिए ठेकहाँ मोड़ पहुंच गयी। तभी एक मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति आते दिखाई पड़े। पुलिस जैसे ही उनको रोकने के लिये सड़क पर आई तो बदमाश एकाएक ब्रेक लगाकर पीछे मुड़कर भागने लगे। हालांकि, मोटरसाइकिल फिसलने से तीनों वहीं गिर गये। तभी उनमें से एक ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। किसी तरह बचते हुए पुलिस ने तीनों को घेर लिया और ठेकहां मोड़ से करीब 50 मीटर चाँद दीयर की तरफ सड़क पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों की पहचान गुड्डू कुमार सिंह पुत्र बच्चा सिंह निवासी सिताब दीयर अठगांवा रामनगर थाना बैरिया, आकाश सिंह पुत्र मनोज कुमार सिंह निवासी नैका बड़का बैजू टोला थाना रिविलगंज सारण बिहार व अंकित सिंह पुत्र राजकुमार सिंह निवासी सिताब दीयर मुनेश्वर टोला थाना बैरिया के रूप में हुई। तीनों के कब्जे से 15 हजार रुपए, एक तमंचा, एक कारतूस व एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। तीनों ने अपना जुर्म स्वीकार किया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular