Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : पुलिस ने मुक्त कराया अपह्त बच्चा, आरोपित घायल

UP News : पुलिस ने मुक्त कराया अपह्त बच्चा, आरोपित घायल

मेरठ (हि.स.)। दौराला थाना क्षेत्र के कैली गांव से अपह्त छह महीने के बच्चे को पुलिस ने शनिवार को बरामद कर लिया। मुठभेड़ में गोली लगने से एक अपहरणकर्ता घायल हो गया। आरोपित ने अपह्त बच्चे का सौदा साढ़े तीन लाख रुपये में मुजफ्फरनगर के एक लैब टेक्नीशियन से किया था।

कैली गांव निवासी शाहिद का पांच साल का बेटा समद शुक्रवार की रात अपने छह महीने के भाई को लेकर घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक बच्चे के हाथ से उसके मासूम भाई को छीन कर भाग गए। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते बच्चे की तलाश शुरू कर दी। दौराला और कंकरखेड़ा पुलिस ने शनिवार को बच्चे का अपहरण करने वाले कैली गांव निवासी हाशिम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के पास से बच्चे को भी बरामद कर लिया गया।
हाशिम ने पुलिस को बताया कि उसने मुजफ्फरनगर के रहने वाले डॉक्टर चैतन्य माहेश्वरी के लैब टेक्नीशियन बेटे दीपांकर माहेश्वरी से इस बच्चे का सौदा साढ़े तीन लाख में किया था। बच्चा खरीदने वालों को यह नहीं पता था कि इस बच्चे का अपहरण किया गया है। थाना प्रभारी कंकरखेड़ा तपेश्वर सागर ने बताया कि आरोपित हाशिम ने लैब टेक्नीशियन से एक लाख की रकम भी एडवांस ली थी। इस रकम को बरामद करने के लिए आरोपित को दादरी स्थित ईंख के खेत में ले जाया गया, जहां वह दरोगा सुखबीर चैधरी की पिस्टल छीन कर फरार होने लगा। इस दौरान मुठभेड़ में गोली लगने से हाशिम घायल हो गया। पुलिस ने अपहृत बच्चे को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular