Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : पुलिस के खिलाफ धरने पर बैठे पूर्व विधायक गोपाल...

UP News : पुलिस के खिलाफ धरने पर बैठे पूर्व विधायक गोपाल काली

मेरठ (हि.स.)। दीपावली की रात लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायरिंग करने पर दर्ज मुकदमे को लेकर पूर्व विधायक गोपाल काली ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को पूर्व विधायक अपने कई समर्थकों के साथ अंबेडकर चौक पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने एक विधायक और हस्तिनापुर के पूर्व थानेदार पर कई गंभीर आरोप लगाए।

दीपावली की रात हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गोपाल काली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें पूर्व विधायक अपने घर के बाहर लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे थे। इस मामले में गंगानगर पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जिसके बाद पूर्व विधायक ने हवाई फायरिंग की बात को खारिज करते हुए बंदर भगाने के लिए नकली कारतूस छोड़े जाने की बात कही थी। 
गुरुवार को पूर्व विधायक गोपाल काली अपने कई समर्थकों के साथ अंबेडकर चौक पर धरने पर बैठ गए। अपने साथ नकली कारतूस के खोखे लेकर पहुंचे पूर्व विधायक गोपाल काली ने आरोप लगाया कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उन्होंने हस्तिनापुर थाने के थाना प्रभारी रहे धर्मेंद्र सिंह और हस्तिनापुर से भाजपा विधायक दिनेश खटीक पर भी कई गंभीर आरोप लगाए। 
उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने पर कुछ सत्ताधारियों के इशारे पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण से अवगत कराया है। पूर्व विधायक गोपाल काली ने खुद को इंसाफ न मिलने तक लड़ाई जारी रखने का ऐलान किया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular