Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : पुलिस की तैनाती के बावजूद कांग्रेस व किसानों का...

UP News : पुलिस की तैनाती के बावजूद कांग्रेस व किसानों का प्रदर्शन

बांदा (हि.स.)। कृषि बिलों के खिलाफ किसानों द्वारा भारत बंद के आवाहन के चलते आज कलेक्ट्रेट व कचहरी के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि कोई संगठन प्रदर्शन न कर सके,इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पुलिस को चकमा देकर प्रदर्शन करने में सफल रहे। जहां प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया गया वही भारतीय किसान यूनियन ने भी प्रदर्शन कर कृषि बिलों का विरोध किया।
बताते चलें कि कांग्रेस द्वारा पूर्व घोषित प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित को हिरासत में लेकर कृषि विश्वविद्यालय पुलिस चैकी में रखा था।वहीं कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता अचानक पार्टी के झंडे लेकर अशोक लाट के पास पहुंच गए और सरकार विरोधी नारेबाजी करने लगे। साथ ही उन्होंने कृषि कानूनों का विरोध किया और किसानों के समर्थन में नारेबाजी की।इस बीच प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
इसी तरह भारतीय किसान यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष बलराम तिवारी के नेतृत्व में दर्जनों  किसान कलेक्ट्रेट पहुंच गए और उन्होंने कृषि बिलों के खिलाफ प्रदर्शन किया।साथ ही प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन देने में भी वह सफल हो गए।इन किसानों की ने ज्ञापन में  न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी देने ,सिंचाई हेतु बिजली मुफ्त उपलब्ध कराने और सरकार द्वारा पारित किसान बिलों को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन में कर्ण सिंह सगीर, महेंद्र सिंह, दीपक सिंह ,मनोज द्विवेदी, रामदास साहू व नवल द्विवेदी शामिल रहे।
इसी तरह हिंदुस्तान किसान यूनियन की तरफ से सुरेंद्र तिवारी द्वारा ज्ञापन दिया गया।इसके अलावा राष्ट्रीय विकलांग पार्टी ने भी प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा गया है कि भारतीय किसान यूनियन के भारत बंद के आवाहन पर राष्ट्रीय विकलांग पार्टी बंद का पूर्ण समर्थन करती है और कृषि बिलों को वापस लेने की मांग करती है।प्रदर्शन में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राज बहादुर कुशवाहा, जयपाल प्रजापति, प्रदीप रैकवार, राजाराम,श्याम तिवारी,धर्मेंद्र शुक्ला संतोष कुमार आशीष गुप्ता रितेश कुमार व अमित निगम इत्यादि मौजूद रहे।
बताते चलें कि बांदा में मंगलवार को साप्ताहिक बंदी रहती है इसलिए यहां पर बंद का असर नहीं दिखाई पड़ा।रोजमर्रा की तरह सब्जी मंडी खुली रही व चाय पान तथा फुटपाथ की दुकानें भी रोज की तरह खुली रही। इस दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई,न ही किसानों द्वारा दुकाने बंद कराने की कोशिश की गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular