Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : पुलिस कर्मी बनकर सशस्त्र बदमाशों ने राहगीरों से की...

UP News : पुलिस कर्मी बनकर सशस्त्र बदमाशों ने राहगीरों से की लूटपाट

कौशाम्बी (हि.स.)। कौशाम्बी कोतवाली के वंशी बाबा देव स्थान के समीप शुक्रवार रात दर्जन भर बेखौफ बदमाशों ने राहगीरो को बंधक बनाकर लूटपाट की। असलहों से लैस बदमाश खुद को पुलिस कर्मी बता रहे थे। लूटपाट के शिकार लोगों ने शनिवार शाम को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, तो पुलिस कर्मी भी भौंचक रह गए। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

कोतवाली के विदांव गांव निवासी राजू चौधरी शुक्रवार शाम किसी काम से विजिया चौराहा गया था। रात करीब आठ बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। राजू के मुताबिक जैसे ही वह वंशी बाबा देव स्थान के समीप पहुंचा तभी वहां पहले से घात लगाये 12-15 की संख्या में बदमाशों ने उसे रोक लिया। राजू का कहना है कि सभी के पास रायफल व बंदूकें थी। बदमाशों ने खुद को पुलिस कर्मी बताया और उसके पास रहा 4800 रुपये नकद व 14 हजार कीमत का मोबाइल छीन लिया। राजू की माने तो उस घटनास्थल पर चार-पांच लोग पहले से ही बंधक बनाकर बैठाए गए थे।
इसी दौरान कबरहा गांव का राजाराम भी अपनी बाइक लेकर पहुंचा। बदमाशों ने उसे भी रोक कर उसके पास से 3200 रुपया व 12 हजार रुपये का मोबाइल छीन लिया। बदमाशों ने राजाराम को भी पुलिस के रूप में परिचय दिया। करीब दो घंटे तक सड़क पर बदमाश इसी तरह उत्पात मचाते रहे। 12 से ज्यादा लोगों को लूटने के बाद बदमाश भाग निकले। इस मामले में शनिवार शाम राजू ने थाने जाकर पता किया तो मालूम चला कि कोई पुलिस वंशी बाबा देव स्थान के पास नहीं थी। लूट के शिकार राजू ने मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। 
एएसपी समर बहादुर ने बताया, प्रकरण के संज्ञान में आते ही थाना प्रभारी को कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जल्द ही घटना का अनावरण किया जायेगा।  

RELATED ARTICLES

Most Popular