Thursday, March 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : पुलिस अधीक्षक से दुष्कर्म के आरोपियों की सिफारिश करने...

UP News : पुलिस अधीक्षक से दुष्कर्म के आरोपियों की सिफारिश करने वाले जालसाज समेत दो गिरफ्तार

शाहजहांपुर, 10 सितम्बर (हि.स.)। जनपद शाहजहांपुर में फर्जी आईएएस अधिकारी बनकर पुलिस अधीक्षक से दुष्कर्म के आरोपियों की सिफारिश करने वाले जालसाज व दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही।

पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार रात मुख्यमंत्री की पीसी थी। अन्य अधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट में चल रही पीसी में शामिल थे। रात करीब नौ बजे सीयूजी नम्बर पर फोन आया। फोन उनके पीआरओ ने रिसीव किया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को मध्य प्रदेश का एडिशनल चीफ सेक्रेटरी बताते हुए थाना जलालाबाद पर दर्ज दुष्कर्म के मामले के आरोपी प्रवेश व राजीव की सिफारिश करते हुए आरोपियो को परेशान न करने की बात कही।

फोन करने वाले व्यक्ति की बाते संदिग्ध लगने पर तत्काल पुलिस एक्शन में आ गई। फोन नम्बर को सर्विलांस पर लगाया गया। फोन करने वाले व्यक्ति की लोकेशन जलालाबाद की थी। जिसके बाद पुलिस ने फर्जी आईएएस बनकर फोन करने वाले बिहार के जनपद कैमूर के थाना मोहनिया क्षेत्र के गांव मुजान निवासी किरन कुमार सिंह व सिफारिश कराने वाले दुष्कर्म के आरोपी थाना जलालाबाद क्षेत्र के रौली बौरी निवासी प्रवेश कश्यप को जलालाबाद रोडवेज बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया।

एसपी एस आनंद ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पुछताछ कर रही है।

जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि किरन कुमार सिंह इससे पूर्व भी फर्जी आईएएस बनकर कई अधिकारियों को फोन कर चुका है। उन्होंने बताया कि समाचार पत्र की फाइल मंजूर करने लिए उक्त फर्जी आईएएस उन्हें भी फोन किया था। इसके अलावा जलालाबाद में गेस्ट हाउस उपलब्ध कराने और खराब गाड़ी को ठीक करने के लिए भी फर्जी आईएएस उन्हें फोन कर चुका है।

RELATED ARTICLES

Most Popular