Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : पुरुषों के खेत खलिहान जाने के बाद महिलाओं ने...

UP News : पुरुषों के खेत खलिहान जाने के बाद महिलाओं ने खेली अनोखी होली

रामजानकी मंदिर से फाग निकालकर महिलायें सैकड़ों साल पुरानी परम्परा का बनी हिस्सा

हमीरपुर (हि.स.)। सुमेरपुर क्षेत्र के कुंडौरा गांव में मंगलवार को सैकड़ों साल पुरानी परम्परा की अनोखी होली खेली गयी। महिलाओं की अनोखी फाग होली शुरू होने से पहले ही गांव के सभी पुरुष या तो घर में कैद हो गये या फिर खेत और खलिहान की ओर निकल गये। गांव के रामजानकी मंदिर से फाग निकालकर महिलाओं ने ढोल मजीरे बजाकर होली पर ठुमके लगाये। 
सुमेरपुर क्षेत्र के कुंडौरा गांव में अनोखी होली खेलने की परम्परा सैकड़ों सालों से चली आ रही है। इस परम्परा में महिलायें फाग निकालकर ढोल मजीरा बजाकर गांव में घूमती है। महिलाओं की होली शुरू होने से पहले गांव के सभी पुरुषों को घर छोड़ खेतों की ओर जाना पड़ता है। आज दोपहर बाद महिलाओं ने इस पुरानी परम्परा को आगे बढ़ाते हुये फाग कार्यक्रम का आगाज रामजानकी मंदिर से किया। 
गांव के बुजुर्गों ने बताया कि गांव में कई दशक पहले एक अपराधी की हत्या फाग के दौरान एक व्यक्ति ने की थी। तब गांव के लोगों ने होली पर फाग निकालना बंद कर दिया था। इस घटना के बाद महिलाओं ने फाग निकालने की परम्परा शुरू की जो आज भी चल रही है। फागों का नेतृत्व करने वाली देवरती कुशवाहा ने बताया कि मंदिर में सभी महिलाओं ने फाग गाकर अनोखी होली खेली है। बुजुर्ग महिलाओं ने ढोल और मजीरा बजाया। इस कार्यक्रम के दौरान कोई भी पुरुष गांव में नहीं रहा। घूंघट वाली महिलाओं ने नृत्य कर रंग और गुलाल उड़ाया।

RELATED ARTICLES

Most Popular