वाराणसी (हि.स.)। सारनाथ थाना क्षेत्र के पुराना पुल पुलिस चौकी के समीप मंगलवार को एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत युवक की पहचान खालिसपुर सरायमोहाना निवासी धनंजय राय(35) के रूप में हुई। युवक ब्याज पर लोन दिलाने का कार्य करता था।
पुराना पुल मस्जिद के पास से कुछ युवक सुबह नमाज पढ़ने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे खून से लथपथ युवक के शव पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद फॉरेंसिक टीम और डाग स्क्वायड टीम को भी बुलवाया। पुलिस टीम ने क्षेत्रीय लोगों से पूछताछ के बाद घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को भी खंगाला।
छानबीन में पता चला कि युवक की हत्या धारदार हथियार से गला रेत कर की गई। शव से पूर्वाह्न तक खून बह रहा था। सूचना पर एसपी सिटी विकास चंद्र त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे और क्षेत्रीय लोगों से घटना की जानकारी ली। पुलिस अफसरों ने बताया कि मृत युवक के परिजनों से बातचीत कर पुरानी रंजिश और अन्य बिंदुओं पर छानबीन हो रही है। जल्द ही वारदात की वजह स्पष्ट कर हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
