Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन में भाग लेने को रवाना...

UP News : पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन में भाग लेने को रवाना हुए उप्र विधान सभा के अध्यक्ष

-गुजरात में 25 और 26 को होगा सम्मेलन, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री भी होंगे शामिल

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष, हृदय नारायण दीक्षित मंगलवार को केवड़िया, गुजरात में 80वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन 2020 में भाग लेने के लिए रवाना हो गये। 
विधान सभा सचिवालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि भारत के पीठासीन अधिकारियों का 80वां सम्मेलन इस बार गुजरात में सरदार पटेल की प्रतिमा की छाया में 25 और 26 नवम्बर को आयोजित होगा। इसमें राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री तक शामिल होंगे। ‘‘सशक्त लोकतंत्र के लिए विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका का आदर्श समन्वय’’ इस सम्मेलन का मुख्य विषय रखा गया है। 
उत्तर प्रदेश के विधान सभा अध्यक्ष असाधारण परिस्थितियों में ‘‘विधान मण्डलों की संवैधानिक जिम्मेदारी’’ नामक विषय पर इस सम्मेलन में अपना भाषण प्रस्तुत करेंगे।  प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रपति, राम नाथ कोविन्द 25 नवम्बर को सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। वहीं 26 नवम्बर को संविधान दिवस के अवसर पर इसका समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जायेगा। सम्मेलन में उपराष्ट्रपति एम॰ वेंकैया नायडू समेत कई महत्वपूर्ण लोग सम्मिलित होंगे।
उन्होंने बताया कि भारत में विधायी निकायों के पीठासीन अधिकारियों की सबसे बड़ी संस्था का इस बार शताब्दी वर्ष भी है। इसके पहले पीठासीन अधिकारियों का 79वां सम्मेलन उत्तराखण्ड के देहरादून में संपन्न हुआ था। 

RELATED ARTICLES

Most Popular