झांसी (हि.स.)। पीआरडी जवान द्वारा महिला के साथ बलात्कार का मामला प्रकाश में आया है। मामला संज्ञान में आते ही जीआरपी सीओ ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित पीआरडी जवान को गिरफ्तार कर लिया। मामले में तफ्तीश जारी है।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) सीओ नईम खां मंसूरी ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि एक दंपति कानपुर से रोडवेज बस द्वारा मंगलवार रात 12 बजे झांसी आये थे। उसके बाद उन्हें ट्रेन से हैदराबाद जाना था। दोनों स्टेशन के बाहर बैठे ट्रेन का इंतजार कर रहे थे तभी होमगार्ड सरमन पाल निवासी सीपरी बाजार झांसी वहां आया। उसने दंपति से पूछताछ की और उनकी कम उम्र को देखते हुए उन्हें डरा धमकाकर अपनी बाइक पर बैठा लिया। स्टेशन से आगे जाकर सरमन ने महिला के पति को मारपीट कर रास्ते में उतार दिया और उसका मोबाइल छीन लिया जबकि महिला को वह जबरन बाइक पर बैठाकर मेडिकल कॉलेज ले आया। मेडिकल कॉलेज परिसर में महिला के साथ बलात्कार किया। इस बीच महिला के पति ने जीआरपी थाने आकर पूरी बात बतायी।
जानकारी मिलते ही जीआरपी की सर्विलांस टीम और प्रभारी निरीक्षक झांसी ने मोबाइल को सर्विलांस पर लेकर अपराधी को मेडिकल कॉलेज में पकड़ लिया। महिला अपराधी के चंगुल से मुक्त कराया। महिला ने सरमन पर बलात्कार का आरोप लगाया है। महिला का मेडिकल कराया जा रहा है और भी साक्ष्य एकत्र किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पीआरडी जवान रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) के माध्यम से यहां काम करता है। जानकारी की जा रही है कि वह कल रात ड्यूटी पर था या नहीं। आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
