मेरठ (हि.स.)। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की श्रद्धापुरी काॅलोनी में रविवार को अवसाद में पिता-पुत्र ने जहर खा लिया। इससे पुत्र की मौत हो गई। जबकि पिता की हालत गंभीर बनी हुई है।
दिल्ली के नारायण विलेज निवासी नितिन तंवर और उनके पिता राजपाल मेरठ में श्रद्धापुरी फेज टू में एक मकान में किराए पर रहते हैं। नितिन ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करता था। उसके पिता राजपाल कई वर्षों से बीमार होने के कारण बिस्तर पर थे। नितिन की शादी 2010 में मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली क्षेत्र के सटेड़ी गांव निवासी विनिता से हुई थी। दोनों के बीच विवाद चल रहा था और आपसी सहमति से तलाक हो गया था। रविवार को मकान मालिक नितिन के यहां किराया लेने के लिए पहुंचे तो मकान खुला हुआ था। अंदर नितिन बिस्तर पर पड़ा था और उसके पिता के मुंह से झांग निकल रहे थे। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा तपेश्वर सागर ने बताया कि नितिन की मौके पर ही मौत हो गई थी। उसके पिता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच की। मृतक की दिल्ली निवासी बहन को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौके पर सल्फास के खाली पैकेट मिले। प्रारंभिक जांच में अवसाद के कारण जहर खाने की बात सामने आ रही है।
