Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : पिता की लाइसेंसी राइफल से युवक ने गोली मारकर...

UP News : पिता की लाइसेंसी राइफल से युवक ने गोली मारकर की आत्महत्या

रायबरेली (हि.स.)। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के पूरे बल्दी मजरे मिर्जापुर एहारी में मंगलवार को युवक ने पिता की लाइसेंसी राइफल से गोली मार कर खुदकुशी कर ली। घटना की वजह प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है। 

पूरे बल्दी मजरे मिर्जापुर एहारी निवासी हिमालय मिश्रा के पुत्र धर्मेंद्र मिश्रा (24) ने मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में पिता की लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली उसके गले के दाहिने हिस्से को चीरते हुए निकल गई, जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई। वहीं घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। 
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव की ही एक लड़की से धर्मेंद्र का पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच तनातनी भी चल रही थी। मामले की शिकायत लड़की के परिजनों ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से भी की थी। इसे लेकर युवक मानसिक अवसाद में चल रहा था। 
कोतवाल विनोद सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। युवक ने पिता की लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है और राइफल को भी बरामद कर जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular