बागपत (हि.स.)। बिनौली थाना क्षेत्र के गल्हैता के जंगल में हुई पवन की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को नामजद तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। चुनावी रंजिश को लेकर युवक की हत्या हुई थी।
थाना प्रभारी रवेंद्र सिंह ने बताया कि चिरचिटा गांव निवासी पवन (35) का शव 12 अक्टूबर को जंगल में पेड़ के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला था। मृतक के भाई सुंदर ने गांव के ही पांच लोगों को नामजद करते हुए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने शुक्रवार को नामजद वांछित आरोपितों मनोज, दीपक उर्फ भुल्ले और अनिल को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपितों को बागपत न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपितों ने पूछताछ में चुनावी रंजिश के चलते पवन की पिटाई करने के बाद हत्या करना स्वीकार किया है। घटना में नामजद शेष दो आरोपितों को गिरफ्तारी के लिए टीम जुटी हुई है।
