Wednesday, February 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : परिवार को बेहोश करके किशोरी का अपहरण, सुनवाई नहीं

UP News : परिवार को बेहोश करके किशोरी का अपहरण, सुनवाई नहीं

मेरठ (हि. स.)। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र से एक हफ्ते पहले अपह्त किशोरी का पुलिस कुछ पता नहीं लगवा पाई है। बुधवार को परिजनों ने एसएसपी से अपनी बेटी की बरामदगी की मांग की और पुलिस पर कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। 

जाकिर कॉलोनी निवासी रियाजुद्दीन अपनी पत्नी मरीसा के साथ बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचा। मरीसा ने बताया कि उसकी 16 साल की बेटी मुस्कान कक्षा सात की छात्रा है। मरीसा ने आरोप लगाया कि 24 फरवरी की रात क्षेत्र का रहने वाला तालिब और उसके परिवार के अन्य लोग उसके घर में दाखिल हो गए। आरोपितों ने पूरे परिवार को नशा देकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसकी बेटी का अपहरण करके ले गए। आरोपित घर में रखे चार लाख रुपए और सोने-चांदी के जेवरात भी ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर रियाजुद्दीन ने पुलिस को जानकारी दी। पीड़ितों का आरोप है कि घटना के एक सप्ताह बाद भी थाना पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। 
उन्होंने आरोप लगाया कि तालिब का परिवार अब से पहले भी कई नाबालिग लड़कियों का अपहरण कर चुका है। पीड़ितों ने एसएसपी से गुहार लगाते हुए अपनी बेटी की बरामदगी की मांग की है। एसएसपी ने इस मामले में थाना पुलिस को किशोरी को जल्द बरामद करने के आदेश दिए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular