मेरठ (हि.स.)। कचहरी स्थित परामर्श केंद्र में सोमवार को समझौते के लिए आए पति ने अपनी पत्नी के वकील की पिटाई कर दी। गुस्साए वकीलों ने आरोपितों की पिटाई करते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने तीन आरोपितों को हिरासत में लेकर घायल वकील को अस्पताल में भर्ती कराया है।
मेरठ निवासी महिला की शादी गाजियाबाद के मोदी नगर निवासी आलोक नाम के युवक के साथ हुई थी। दंपत्ति के बीच विवाद हुआ। जिसका मुकदमा मेरठ कोर्ट में विचाराधीन है। सोमवार को कचहरी के परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को समझौते के लिए बुलाया गया था। इसी दौरान किसी बात पर महिला का पति बिगड़ गया। आरोप है कि महिला के पति आलोक और उसके परिवार वालों ने महिला के वकील अजय स्वामी पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने भरी कचहरी में वकील की जमकर पिटाई की। जिसके चलते कचहरी में अफरा तफरी मच गई। मौके पर इकट्ठे हुए वकीलों ने आरोपितों को घेरते हुए उनकी पिटाई कर डाली। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी आरोपितों को हिरासत में ले लिया।
सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह ने बताया कि घायल वकील को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी इस मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
