मेरठ (हि. स.)। परतापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात बदमाशों ने तीन घरों को खंगाल डाला। घटना में समय तीनों घरों में परिवार सो रहे थे। एक घर से बदमाश तिजोरी ही उखाड़ कर ले गए। शुक्रवार को तिजोरी खेत में बरामद हुई। पीड़ितों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
परतापुर थाना क्षेत्र के खेड़ा बलरामपुर में किसान राजेन्द्र के घर में गुरुवार की देर रात बदमाशों ने घुसकर 50 हजार की नकदी और लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इसी के साथ पेड़ के सहारे छतर सिंह के घर में दाखिल हुए बदमाश सोने-चांदी के जेवरात और 70 हजार कैश चोरी करके ले गए। इसके बाद बदमाश किसान इंचाराम के घर में रखी तिजोरी उखाड़ कर ले गए। जिसमें लाखों के जेवरात और एक लाख की नकदी रखी थी। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिवारों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के बाद एएसपी कृष्ण विश्नोई भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ितों से पूछताछ करते हुए आसपास तलाशी ली। इंचाराम के घर पर चुराई गई तिजोरी एक खेत में बरामद हो गई। जिसके ताले टूटे हुए थे और भीतर रखा सामान गायब था। पीड़ितों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी की तहरीर दी है। चोरी में लगभग 10 लाख के नुकसान की बात कही जा रही है।
UP News : परतापुर में बदमाशों का आतंक, तीन घरों में लाखों की चोरी
RELATED ARTICLES
