Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : पं. गणेश्वर शास्त्री 'द्राविण' को पं0 शम्भुनाथ मिश्र स्मृति...

UP News : पं. गणेश्वर शास्त्री ‘द्राविण’ को पं0 शम्भुनाथ मिश्र स्मृति सम्मान पुरस्कार दिया जायेगा

– अयोध्या में श्रीराम मंदिर के शिलान्यास का निकाला था शुभ मुहूर्त

वाराणसी (हि.स.)। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय ने वर्ष 2021 का पं. शम्भुनाथ मिश्र स्मृति सम्मान पुरस्कार पं. गणेश्वर शास्त्री ‘द्राविण ‘ को देने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.राजाराम शुक्ल के द्वारा बनाये गये चयन समिति ने पुरस्कार के लिये देश के प्रसिद्ध वेदाचार्य आचार्य पं गणेश्वर शास्त्री के नाम पर मुहर लगा दी है। 
वेद-वेदांगादि शास्त्र मर्मज्ञ राष्ट्रीय पण्डित पुरस्कार एवं गौरव सम्मान से सम्मानित पं. गणेश्वर शास्त्री संस्कृत,संस्कृति की परम्परा के संरक्षण एवं संवर्धन में सतत संलग्न हैं। आचार्य द्राविण पद्मभूषण पण्डित राज राजेश्वर शास्त्री “द्राविण”(पिता ), राष्ट्र पण्डित रामचन्द्र शास्त्री होसमने, विद्याभूषण गणपति शास्त्री हेब्वार, पद्मभूषण पट्टाभिराम शास्त्री, वेदमूर्ति गणेशभट्ट बापट आदि के गौरवशाली आचार्य परम्परा के है। 
पं. गणेश्वर शास्त्री ने अपनी ज्ञानराशि से शताधिक छात्रों को विद्वान बनाया है। जिनमें अनेकों वेद पण्डित, सन्त-महात्मा भी शामिल हैं। लगभग चार दशकों की अपनी शैक्षणिक यात्रा में अध्ययन-अध्यापन एवं संचालन के क्रम में बल्लभराम शालिगराम सान्ग्वेद विद्यालय, रामघाट, वाराणसी से जुड़े है। पण्डित गणेश्वर ने रामेश्वरम के एतिहासिक “रामसेतु” की रक्षा के लिये अपेक्षित प्रमाणों का सर्वोच्च न्यायालय में उपस्थापन किये। 
अयोध्या में भव्य राममंदिर निर्माण के लिए मुहूर्त निकाला। उनके बताये शुभ मुहूर्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन्मस्थान पर राम मन्दिर के लिए शिलान्यास किया था। आचार्य धार्मिक एवं शैक्षिक संगठनों के विभिन्न पदों पर रह चुके है। 63 वर्ष की अवस्था में भी शिष्य समुदाय व शास्त्र जिज्ञासुओं का पूरी तत्परता से मार्ग दर्शन कर पढ़ाते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular