वाराणसी (हि.स.)। पंचायत चुनावों में देशी शराब की बढ़ती खपत देख ग्रामीण अंचल में अवैध शराब (नकली) बनाने वाले भी खासे सक्रिय है। चोलापुर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को मंगोलपुर गांव के बाहर एक व्यक्ति के खेत में बने मकान में छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार कर तीन ड्रम में रखा 550 लीटर सफेद रंग का तरल पदार्थ (स्प्रिट) जिसमें 200 लीटर एक ड्रम में और 150 लीटर दूसरे ड्रम में,तीन बोरी शीशी बरामद कर लिया। बरामद स्प्रिट से अवैध देशी शराब पव्वा में बनाने की तैयारी चल रही थी। गिरफ्तार कल्लू सिंह और सचिन सिंह मंगोलपुर गांव के ही रहने वाले है।
चोलापुर थानाध्यक्ष के अनुसार गिरफ्तार व्यक्तियों ने पूछताछ में बताया कि पंचायत चुनाव में देशी शराब की बढ़ रही खपत को देख अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में अवैध देशी शराब बना रहे थे। इसे पव्वा में बनाकर बेचने की तैयारी थी। पुलिस टीम ने नमूना के लिए 12 पव्वा जिसमें तीन दो पव्वे के नमूना के सेट निकाल कर सफेद कपड़े में रखकर सील किया। तीन ड्रमों में से अलग-अलग एक, दो लीटर प्लास्टिक की बोतलों में नमूना रखकर सील किया गया। कमरे में छानबीन के दौरान पुलिस टीम को एक बोरे में रखा यूरिया खाद भी मिली।
थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई। छापेमारी में उनके साथ चौकी प्रभारी अजगरा अश्विनी मिश्र, उप निरीक्षक विपिन पांडेय, अग्रचारी यादव, सिपाही बृजभूषण, आशुतोष सिंह, अमरजीत कुमार, फैयाज अहमद, उदयभान के अलावा आबकारी निरीक्षक जय नारायण सिंह, हेड कांस्टेबल शिव वर्मा आदि शामिल रहे।
