रेप किलिंग पीड़ित के परिजनों से मिलने पहुंची राज्य महिला आयोग की सदस्य ने बंधाया ढांढस
कानपुर (हि.स.)। उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर व रंजना शुक्ला ने मंगलवार को बिल्हौर तहसील के ग्राम सहजना की पीड़ित बेटी के परिजनों से मिलने पहुंची। रेप किलिंग मामले में पीड़ित परिजनों से मिलकर उन्होंने सांत्वना देते हुये हर सम्भव सहायता देने का आश्वासन दिया। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने घटित घटना के प्रकरण की पूरी जानकारी करते हुये कहा कि मृतक बेटी के साथ हुयी घटना के अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलायी जायेगी।
मृतक की मां मिथिलेश कुशवाहा व पीड़ित बेटी की बहन तथा दादी सहित परिवार के लोगों से उनके घर जाकर मुलाकात की। उन्होंने मृतका के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाते हुये कहा कि इस घटना की निष्पक्ष जांच करायी जायेेगी तथा जांच में किसी प्रकार की ढिलायी नहीं बरती जाएगी।
जाम लगाने वालों के मुकदमे की निष्पक्ष जांच हो
राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर ने क्षेत्राधिकारी पुलिस को इस घटना के विरोध में रोड पर लगाये गये जाम में निष्पक्ष जांच कर निर्दोष लोगों को परेशान न करने के निर्देश दिये। उन्होंने एसएचओ बिल्हौर को पीड़ित परिवार की सुरक्षा व अन्य व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने दूरभाष से परिजनों से की बात
इस घटना का उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम ने भी संज्ञान लेते हुये पीड़ित परिवार से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें न्याय दिलाने व आवश्यक सहायता करने के लिए आश्वस्त किया है। बताया कि मृतक बेटी की बहन वर्षा कुशवाहा ने मांग की है कि इस घटना की निष्पक्ष सही तरीके से जांच कराकर दोषियों को कड़ी सजा दी जाये तथा घटना में आरोपित के पिता की संलिप्तता होने पर उनके विरुद्ध भी कार्यवाही की जाये। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बिल्हौर सहित पुलिस के अधिकारीगण उपस्थित रहें।
