वाराणसी (हि.स.)। कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर में रविवार को एक चाय विक्रेता को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। इसके बाद बदमाश असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गये। पुलिस को सूचना देकर परिजनों ने घायल को तत्काल मंडलीय अस्पताल में पहुंचाया। जहां उसकी हालत गम्भीर देखकर तेलियाबाग स्थित निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। सूचना पर क्षेत्रीय पुलिस के साथ एसएसपी अमित पाठक भी मौके पर पहुंच गये।
नदेसर क्षेत्र में अशोक गुप्ता (46) नामक चाय विक्रेता अपने दुकान पर चाय बना रहा था। अपराह्न में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और अशोक को गोली मार दी। गोली अशोक के कंधे में लगी तो वह चीखकर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर जब तक लोग जुटते बदमाश मौके से भाग निकले। परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
संभावना जताई जा रही है कि हमलावर चाय विक्रेता के परिचित ही है। एसएसपी ने मीडिया कर्मियों को बताया कि हमलवार घायल के परिचित हैं। अशोक के साथ उनका उठना बैठना भी रहा। वारदात के पीछे का कारण पता किया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस टीम खंगाल रही है। टीम बनाकर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास हो रहा है।
