-अलसुबह सड़कों पर आवागमन कम, सड़क, रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित
वाराणसी (हि.स.)। वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल में सर्द मौसम और हाड़ कपाउ ठंड से लोगों को रविवार को भी राहत नही मिली। धुंध और कोहरे के साथ सर्द हवाओं ने भी लोगों को खूब छकाया। अवकाश का दिन होने के कारण ज्यादातर लोग देर तक बिस्तर में ही दुबके रहें।
सर्द मौसम में अलसुबह सड़कों पर भी अपेक्षाकृत लोगों और वाहनोें का आवागमन कम रहा। राह में जहां कहीं भी अलाव जलता दिख रहा था लोग कुछ देर के लिए रूक जा रहे थे। सुबह दिन चढ़ने तक और फिर शाम गहराने के साथ ही वातावरण में गलन हावी हो जा रही है।
बीते शनिवार को घना कोहरे के बीच ठंड और गहरा गई। हालांकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने से दिन में आर शाम को गलन कुछ कम रहा। अपरान्ह तीन बजे वाराणसी का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 08 डिग्री दर्ज की गई। हवा की रफ्तार 06 किमी और नमी 71 फीसद रही। बीते चौबीस घंटों में भी अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । जो सामान्य से छह डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 08 डिग्री दर्ज किया गया। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 93 और न्यूनतम 80 फीसद दर्ज की गई।
बीएचयू के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। अभी पश्चिम से सर्द हवा आ रही है। इस कारण अभी राहत नहीं मिलेगी। कोहरा और पाला भी पड़ेगा। कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हो रही है। हाड़ कपाउ ठंड से नित कमाने खाने वालों रिक्शा टाली चालकों की मुश्किलें बढ़ रही है।
