Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : धर्मार्थ कार्य मंत्री की अपील, कोरोना प्रोटोकाल के तहत...

UP News : धर्मार्थ कार्य मंत्री की अपील, कोरोना प्रोटोकाल के तहत करें दुर्गा पूजा के आयोजन

-डा. नीलकंठ तिवारी ने प्रदेश की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के साथ की वर्चुअल बैठक

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के धर्मार्थ कार्य, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने प्रदेश की दुर्गा पूजा समितियों से अनुरोध किया है कि वे कोरोना प्रोटोकाल के तहत दुर्गा पूजा के आयोजन करें। उन्होंने कहा कि आस्था के साथ स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी इस समय सभी के लिए आवश्यक है।
प्रदेश के धर्मार्थ कार्य मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी बुधवार को अयोध्या, वाराणसी, जौनपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, चन्दौली और सोनभद्र समेत कई जिलों की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि दुर्गा पूजा के कार्यक्रमों का लाभ इस वर्ष सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए और दुर्गा पंडालों में भीड़भाड़ से परहेज किया जाए। 
मंत्री ने कोराना से सतर्क रहने के लिए दुर्गा पंडालों में बड़े-बड़े होर्डिंग लगाने को भी कहा। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के चलते दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की संख्या कम आनी चाहिए और जो लोग आएं वे अपने चेहरे पर मास्क लगाकर आएं एवं शारीरिक दूरी के प्रोटोकाल का पूर्णतः पालन करें। 
धमार्थ कार्य मंत्री ने कहा कि कोरोना के चलते इस वर्ष लगभग सभी पर्व व त्योहार प्रभावित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में अभी भी सावधान रहने का अनुरोध किया है। हमें प्रधानमंत्री के इस संदेश का पालन करना होगा। 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कोरोना के खिलाफ लड़ी जा रही जंग अभी समाप्त नहीं हुई है। फिर भी मुख्यमंत्री योगी ने लोगों की आस्था का ध्यान रखते हुए रामलीला और दुर्गा पूजा के आयोजनों में कुछ शर्तों के साथ छूट दी है। ऐसे में हमारी भी जिम्मेदारी है कि हम आस्था के पर्वों को इस समय पूरी सर्तकता के साथ मनाएं और अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज के स्वास्थ्य का ध्यान रखें।   
मंत्री ने कहा कि यद्यपि देश और प्रदेश में कोरोना संक्रमण की गति कम हुई है, लेकिन दुनिया के अन्य देशों में जिस तरह से यह दोबारा संक्रमित करने लगा है। उससे हमें सावधान रहने की जरुरत है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular