बागपत (हि.स.)। जिले के बिनौली थाना क्षेत्र के धनौरा सिल्वर नगर गांव के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर शव गुरुवार को फतेहपुर पुट्ठी के जंगल में एक गन्ने के खेत में फेंक दिया। युवक चार दिन से घर से लापता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए बागपत भिजवाया। धनौरा सिल्वरनगर निवासी विक्रांत राणा उर्फ विक्की पुत्र विनोद राणा (23) आठ नवम्बर से घर से लापता था जिसके बारे में परिजनों ने बुधवार की देर शाम थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी और गांव के ही दो युवकों पर अपहरण व हत्या की आशंका भी जताई थी। गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि फतेहपुर पुट्ठी गांव के जंगल मे देशपाल पुत्र हरफूल के खेत मे गोली लगा एक शव पड़ा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त धनौरा के विक्रांत के रूप में उसके स्वजनों को मौके पर बुलाकर की। मृतक के शरीर पर कई गोली लगने के निशान हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बागपत भिजवाया। सीओ बागपत ओमपाल सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के एक साथी को हिरासत में भी लिया है। इसी मामले में इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।
UP News : धनौरा सिल्वरनगर के युवक की गोली मारकर हत्या
RELATED ARTICLES
