उन्नाव (हि.स.)। अजगैन थाना पुलिस व सर्विलांस के साथ स्वाट टीम ने महज चार घंटे के भीतर अपहरण का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अपहृत युवक के मित्र समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
घटना का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार पांडे ने बुधवार को बताया कि अपहरण मामले की जांच कर रही थाना पुलिस, स्वॉट और सर्विलांस टीम ने बुधवार को पांच अपहरणकर्ताओं को धर दबोचा है। पकड़े गए अभियुक्तों में कानपुर नगर के चकेरी देहली सुजानपुर निवासी दुर्गेश उर्फ नवीन यादव, अभय प्रताप, शान मोहम्मद उर्फ शानू, शान मोहम्मद उर्फ वक्ताबर, गोलू उर्फ रंग बहादूर ने अपना जुर्म स्वीकारा है।
एएसपी ने बताया कि हिमांशु पाल जिनका अपहरण हुआ था, उसका मित्र दुर्गेश यादव पूरे प्रकरण में शामिल था। उसने ही अपहरण की रचना रची। अजगैन से युवक का अपहरण करने के बाद उसे तौरा के जंगलों में छिपाया गया और हिमांशु पाल के घर से 15 लाख की फिरौती भी मांगी गई थी। घटना में थाना अजगैन , सर्विलांस व स्वाट टीम ने अपहरण किए गए युवक हिमांशु पाल को पुरवा थाना क्षेत्र के तौरा ग्राम में जंगल से बरामद किया था।
पीड़ित हिमांशु ने बताया कि वह मूलतः कानपुर के रहने वाले हिमांशु पाल बैंकिंग व फाइनेंस कंपनियों में काम करते हैं। बीते दिन वह लखनऊ से अपनी कार लेकर लखनऊ से कानपुर की ओर रवाना हुआ था। गाड़ी में उसके साथ दुर्गेश यादव भी साथ में था। दुर्गेश यादव पिछले एक साल से हिमांशु पाल का मित्र था। दुर्गेश भी बैंकिंग का काम करता था। घटना के समय दुर्गेश ने अजगैन थाना क्षेत्र में लखनऊ कानपुर राजमार्ग पर पेशाब का बहाना करके गाड़ी रुकवाई। दुर्गेश पेशाब का बहाना बनाकर जैसे ही गाड़ी से उतरता है वैसे ही पीछे से आ रही अर्टिगा गाड़ी आगे आकर रूकी और उसमें बैठे नकाब पहने तीन-चार लोगों ने असलहा दिखाकर जबरदस्ती हिमांशु पाल को गाड़ी में खींच लिया और दुर्गेश भी गाड़ी में बैठकर अपहरणकर्ताओं के साथ चला गया।
