Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : देशभक्ति के रंग में रंगा मेरठ का शहीद स्मारक,...

UP News : देशभक्ति के रंग में रंगा मेरठ का शहीद स्मारक, अमृत महोत्सव का शुभारंभ

मेरठ (हि.स.)। आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर शुक्रवार को अमृत महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ मेरठ के शहीद स्मारक पर किया गया। मेरठ के कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भाग लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया गया। 

आजादी के एक-एक पल से युवाओं को अवगत कराने के लिए केंद्र सरकार द्वारा आजादी की 75वीं वर्षगांठ को अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। शुक्रवार को देशभर में अमृत महोत्सव का शुभारंभ हुआ। मेरठ में राजकीय स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय स्थित शहीद स्मारक में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 
इससे पहले अहमदाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उनके उद्बोधन का सीधा प्रसारण मेरठ में कार्यक्रम स्थल पर किया गया। मेरठ में कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम से 75 साइकिलों की रैली से हुई। यह रैली शहर के विभिन्न रास्तों से होते हुए शहीद स्मारक पर पहुंची। जहां वित्त मंत्री ने तिरंगे रंग के 75 गुब्बारे हवा में उड़ा कर पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग से सरोबार कर दिया। शहीद स्मारक में स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय में प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिसमें लोगों ने आजादी से जुड़े दृश्यों को चित्रों के जरिए देखा। 
अमृत महोत्सव में केंद्रीय मंत्री डाॅ. संजीव बालियान भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि युवाओं को आजादी का महत्व बताने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमृत महोत्सव की शुरुआत की गई है। जिसका मुख्य उद्देश्य है कि युवा यह तय करें कि आने वाले 25 साल में भारत का मैप क्या होगा? युवा अपने अधिकारों के साथ-साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों को भी समझें। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कृषि कानून को लेकर चल रहे किसानों के आंदोलन का हल भी जल्द ही बातचीत के जरिए निकालने का दावा किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular