Saturday, March 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : दूसरी पत्नी ने पति के घर के बाहर झोपड़ी...

UP News : दूसरी पत्नी ने पति के घर के बाहर झोपड़ी डालकर डाला डेरा

मेरठ (हि. स.)। पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में एक युवक ने पहले कौशांबी जिले के निवासी युवती को धोखे में रखकर उससे दूसरी शादी रचाई। बाद में बेटी पैदा होने पर महिला को घर से निकाल दिया। इसके बाद अपनी पहली पत्नी और बच्चों को वापस बुला लिया। धोखे की शिकार हुई दूसरी पत्नी ने अपनी आठ महीने की बच्ची के साथ धोखेबाज पति के घर के बाहर डेरा डाल दिया है। पिछले 15 दिनों से महिला अपने पति के घर के बाहर झोपड़ी डालकर रह रही है। पीड़िता का आरोप है कि थाना पुलिस भी उसकी कोई सुनवाई नहीं कर रही।
कौशांबी जिले की निवासी विमला के मुताबिक, पल्लवपुरम क्षेत्र के रहने वाले प्रमोद ने वर्ष 2019 में उसके साथ शादी की थी। शादी से पहले प्रमोद ने बताया था कि उसकी पहली पत्नी का देहांत हो चुका है। विमला का आरोप है कि आठ महीने पहले उसने एक बच्ची को जन्म दिया। जिसके बाद से उसका पति उससे नाराज रहने लगा। कुछ महीनों पहले विमला का आधार कार्ड बनवाने के बहाने प्रमोद उसे उसके मायके छोड़ आया। कुछ दिनों पहले विमला को जानकारी मिली कि प्रमोद के घर में एक महिला और दो बच्चे रह रहे हैं। जिसके बाद वह अपनी मां जानकी के साथ अपने पति के घर पहुंची तो पता चला कि प्रमोद के साथ रह रही महिला उसकी पहली पत्नी है। विमला का आरोप है अब प्रमोद ने उसे अपने साथ रखने से इंकार कर दिया है। थाना पुलिस भी उसकी कोई सुनवाई नहीं कर रही है। 
पीड़िता ने अपनी आठ महीने की मासूम बच्ची के साथ पति के घर के बाहर डेरा डाल दिया है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड में महिला अपनी बच्ची के साथ अपने पति के घर के बाहर झोपड़ी डालकर रह रही है। पीड़िता ने इंसाफ न मिलने तक पति के घर के बाहर से न हटने का ऐलान कर दिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular