– एसपी धवल जायसवाल ने नेतृत्व में पुलिस टीम को मिली बड़ी कामयाबी
चित्रकूट (हि.स.)। मारे गये दुर्दांत डकैत बबली कोल गैंग के चार सदस्यों को पुलिस ने लूट के सात मोबाइल फोन व चार नामी अवैध शस्त्रों समेत गिरफ्तार किया है। अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसपी धवल जायसवाल के नेतृत्व में चलाये जा रहे आपरेशन क्लीन के तहत चित्रकूट पुलिस टीम को यह बड़ी सफलता हासिल हुई है।
पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि आपरेशन क्लीन के क्रम में एएसपी शैलेन्द्र राय की देखरेख में सीओ मऊ सुबोध गौतम की टीम के मारकुण्डी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने पांच दिन पहले हुई लूट की घटना का खुलासा किया है। बबली कोल गैंग के चार सदस्यों को मारकण्डेय जंगल से गिरफ्तार किया है। मारकण्डेय जंगल में बबली कोल गैंग के लाला कोल पुत्र बाबाजान निवासी डोंडामाफी बडाकोलान, देवमुनि कोल पुत्र कोदा निवासी डोंडामाफी, गया पटेल पुत्र अशोक उर्फ गामा निवासी मानपुर खोह थाना भरतकूप व रोहणी उर्फ रज्जन पुत्र श्यामसुन्दर पटेल निवासी लंकापुरवा थाना बहिलपुरवा को दबोचकर उनके कब्जे से सात मोबाइल फोन, दो देशी बन्दूक, छह कारतूस, दो देशी राइफल, पांच कारतूस समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने पांच दिन के अन्दर लूट की घटना का खुलासा किया है।
दबोचे बदमाशों का लम्बा-चौड़ा आपराधिक इतिहास है। सभी पर आठ से दस मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। टीम में मारकुण्डी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, दरोगा राधेश्याम यादव, सिपाही भास्कर शुक्ला, अंकित शुक्ला, अमित सिंह, संदीप लोभी, सचिव यादव, कृष्णकुमार यादव, अजय रजक व योगेन्द्र कुमार शामिल रहें।
