मेरठ, 15 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली पर आतिशबाजी पर प्रतिबंध के बाद हस्तिनापुर से पूर्व भाजपा विधायक ने बंदूक से ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग की। इतना ही नहीं, विधायक ने इसकी बाकायदा वीडियो बनवाई। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रदूषण के कारण एनजीटी ने दिल्ली-एनसीआर में पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया। पुलिस ने भी कई दिन तक छापामारी करके लाखों रुपए के पटाखे बरामद किए। इसके बाद भी शनिवार की रात दीपावली पर आतिशबाजी हुई। हस्तिनापुर सीट से भाजपा के पूर्व विधायक गोपाल काली ने दीपावली पर अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक से जमकर फायरिंग की। पूर्व विधायक ने अपनी फायरिंग का वीडियो भी बनवाया और उसे वायरल कर दिया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। शुरुआत में पुलिस ने मामले को हलके में लिया, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू कर दी। हस्तिनापुर पुलिस ने इस वीडियो की पड़ताल करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
