Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News :दिन में गोली काण्ड और रात में पुलिस मुठभेड़...

UP News :दिन में गोली काण्ड और रात में पुलिस मुठभेड़ में लुटेरा गिरफ्तार

झांसी (हि.स.)। बीते रोज दिन में जहां एक छात्र द्वारा साथी छात्र व छात्रा को गोली मारी गई वहीं रात में जिले में लूट की कई वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के एक बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोच लिया। हालांकि गोली लगने से मुठभेड़ में घायल बदमाश को गिरफ्तार कर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने मामले का खुलासा करते हुए शनिवार को बताया कि थाना सदर बाजार व नवाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में देर रात यह बदमाश गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार देर रात दोनों थानाक्षेत्रों की पुलिस वाहन चेकिंग का काम कर रही थीं और इसी दौरान दो बाइक सवारों को रोकने को कहा गया लेकिन दोनों ही रूकने की जगह पुलिस पार्टी पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास करने लगे। इस पर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाते हुए बाइक पर निकल भागने में सफल हो गया। फायरिंग बंद होने पर पुलिस घायल बदमाश को उपचार के लिए मेडिकल कालेज ले गई जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
पूछताछ में उसने अपना नाम जयंत प्रताप सिंह निवासी ग्राम कोठी थाना अजीतमल जिला औरैया बताया। पुलिस कप्तान ने बताया कि इसका पूरा आपराधिक इतिहास है और आधा दर्जन से अधिक संगीन अपराधिक मामले दर्ज है। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा, 2 जिंदा कारतूस और 3 खोखा कारतूस, 30 हजार रुपए नकद, दो आधार कार्ड और एक बाइक बरामद हुई है। जयंत ने बीते दिनों झांसी के गोविंद चौराहे के पास से देवेन्द्र कुमार निवासी खातीबाबा प्रेमनगर से दिनदहाड़े 40 हजार रुपए की लूट की थी। हालांकि उस समय इसे छिनैती बताया गया था। इसके साथ ही 16 फरवरी को सदर बाजार थाना क्षेत्र से नंदकिशोर निवासी खुशीपुरा नवाबाद की स्कूटी की डिग्गी तोड़कर दो लाख रुपए व दस्तावेज चोरी किये थे। दोनों घटनाओं में मामला दर्ज था। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस जगह जगह दबिश दे रही है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular