बागपत (हि.स.)। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के हिसावदा मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर कोल्हू व्यापारी से करीब 7 लाख 40 हजार रुपये, मोटरसाइकिल और मोबाइल लूट लिये। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
शोभापुर गांव निवासी धीर सिंह ने बताया कि रोशनगढ़ गांव में उसका कोल्हू चलता है। वह रोशनगढ़ के एक व्यापारी को गुड़ की सप्लाई करता है। शनिवार को गुड़ का हिसाब करके रोशनगढ़ से वापस अपने गांव लौट रहा था। जब वह हिसावदा मार्ग पर पंहुचा तो अचानक एक बाइक पर सवार बदमाशों ने उसे तमंचे के बल पर रोक लिया उससे करीब 7 लाख 40 हजार रुपये, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल लूट लिये। इसका विरोध करने पर बदमाशों ने एक तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
लूट में बदमाशों ने जिस मोटरसाइकिल का प्रयोग किया था वह बाइक सड़क पर पड़ी मिली है, जो किसी मेरठ निवासी की बताई जा रही है। पीड़ित ने एसपी से मामले की शिकायत की है। सूचना पर पहुँची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। जिसके बाद जनपद के आसपास जिलों की पुलिस को भी घटना से अवगत करा दिया गया। सूचना पर एएसपी मनीष मिश्रा, अनुज मिश्रा और कई थानों की पुलिस पंहुचकर मौका मुआयना किया। जिले की सभी पुलिस चौकियों पर चेकिंग भी कराई गई लेकिन शाम तक पुलिस को कोई सफलता हाथ नही लगी।
