- भारतीय सेना की गणना दुनिया की श्रेष्ठ सेनाओं में : ब्रिगेडियर जेकेएस विर्क
अयोध्या (हि.स.)। डा. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में शनिवार को भारतीय सेना के डोगरा रेजीमेंट सेंटर द्वारा हथियारों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसका उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविंकर सिंह ने कंमाडेट डोगरा रेजीमेंट सेंटर के बिग्रेडियर जेकेएस विर्क की उपस्थिति में किया।
इस अवसर पर बिग्रेडियर विर्क ने बताया कि भारतीय सेना दुनिया की श्रेठ सेनाओं में जानी जाती है। देश की सेना अत्याधुनिक सैन्य उपकरणों से सुसज्जित है। इसी कारण कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी श्रेष्ठ प्रदर्शन कर भारत का गौरव बनाये रखने में सक्षम है।
प्रदर्शनी में कुलपति प्रो. रविंकर सिंह ने बताया कि भारतीय सेना आधुनिक उपकरणों से लैस है। इन्हीं उपकरणों की सहायता से सेना देश की सीमाओं की अनवरत सुरक्षा करने में समर्थ है। छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कुलपति ने कहा कि आप सभी भारतीय सेना से प्रेरित होकर देश की रक्षा का संकल्प लें और एक जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य निभायें।
इस प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय परिसर एवं विभिन्न महाविद्यालयों से आये छात्र-छात्राओं को डोगरा रेजीमेंट द्वारा सैन्य उपकरणों से सम्बन्धित जानकारी प्रदान की गई। सैन्य प्रदर्शनी में एनबीसी सूट, नाइन एमएम, एमपी नाइन, 5.56 इंसास राइफल एवं एलएमजी, टेक डाटा, 40 एमएम अण्डर बैरल ग्रेनेड लांचर, डाउन जैकेट व ट्राउजर, 40 एमएम मल्टी शार्ट ग्रेनेड जैसे हथियारों का प्रदर्शन किया गया।
