Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : डीएम ने दो सचिवों पर की बड़ी कार्रवाई, बीडीओ...

UP News : डीएम ने दो सचिवों पर की बड़ी कार्रवाई, बीडीओ से मांगा स्पष्टीकरण

गोशालाओं में अव्यवस्था देख अधिकारियों को लगाई फटकार

हमीरपुर (हि.स.)। कुरारा क्षेत्र में शुक्रवार को जिलाधिकारी ने दो गोशालाओं का निरीक्षण कर अव्यवस्था पाये जाने पर अधिकारियों और कर्मियों को कड़ी फटकार लगायी है। उन्होंने दो सचिवों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने के साथ ही बीडीओ से स्पष्टीकरण मांगा है। विभागीय कार्रवाई करने के भी निर्देश दिये गये है। 
जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी ने कुरारा क्षेत्र के गिमुंहा डांडा व कनौटा गांव में संचालित गोशालाओं के निरीक्षण के दौरान वहां चारा, पानी, भूसा, कम्पोस्ट पिट व ठंड से बचाव की बोगस व्यवस्था देख नाराजगी जतायी। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी (सचिव) गिमुंहा डांडा के नीरज सचान न कनौटा गांव की सचिव मधु गुप्ता का वेतन रोकने के साथ ही विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया। खंड विकास अधिकारी राम सिंह से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। कनौटा की गौशाला में टीनशेड के साइड में ठंड से बचाव के लिए तिरपाल ना पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए आज शाम तक तिरपाल आदि की व्यवस्था कर फोटोग्राफ्स उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। 
कनौटा की गौशाला में अधिक संख्या में अन्ना गौवंश पाए जाने पर जिलाधिकारी ने 25 अन्ना गोवंश को गिमुहाँ-डांडा की गौशाला में शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि गाभिन गायों को गौशाला में अलग रखने की व्यवस्था की जाए तथा सहभागिता योजना के अंतर्गत गायों को सुपुर्दगी में देने  का कार्य किया जाए। कहा कि गौशालाओं में चौकीदार द्वारा अनिवार्य रूप से रुक कर देखरेख की जाए ,इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। 
जिलाधिकारी ने कहा कि गौशालाओं में चारे, पानी, भूसे, पेयजल आदि के समुचित प्रबंध किए जाएं। इसमें किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कनौटा गौशाला में दो गोवंश के बीमार पाए जाने पर उन्होंने तत्काल मौके पर पशु चिकित्साधिकारी को स्वयं की मौजूदगी में इलाज करवाया तथा कहा कि समय समय पर इनकी देखरेख की जाय। इस मौके पर बीडीओ कुरारा राम सिंह अहिरवार, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Submitted By: Edited By: Vidyakant Mishra

RELATED ARTICLES

Most Popular