मेरठ (हि. स.)। दौराला थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सरधना निवासी सिक्योरिटी गार्ड के रूप में हुई है। वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान था।
एक युवक मंगलवार की सुबह सिवाया रेलवे फाटक के आसपास घूम रहा था। इसी दौरान ट्रेन आती देख युवक दौड़ता हुआ ट्रेन के सामने कूद गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने युवक की शिनाख्त का प्रयास किया। उसकी जेब से मिले सामान के आधार कार्ड पर मृतक की शिनाख्त सरधना के समसपुर सुरानी निवासी 40 वर्षीय संजीव पुत्र आसाराम के रूप में की गई।
घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि संजीव पहले सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद से वह मानसिक परेशानी में चल रहा था। इंस्पेक्टर दौराला ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
