गाजियाबाद (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना टीकाकरण बढ़ाने के के लिए सोमवार से विलेज वैक्सीनेशन मार्च (वीवीएम) अभियान चलाया जाएगा। जनपद की तीनों तहसीलों में सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रतिदिन 300 लोगों को टीके लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी अजय शंकर।पांडेय ने सभी एसडीएम को कहा कि इस कार्य में अपनी तहसील के एक-एक लेखपाल को प्रत्येक टीकाकरण केंद्र पर तैनात करें। टीकाकरण केंद्र पर तैनात लेखपाल को प्रतिदिन 300 लोगों को कोविड वैक्सीनेशन लगवाने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने बताया कि विलेज वैक्सीनेशन मार्च (वीवीएम) कार्यक्रम में राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एएनएम, ग्राम प्रधान, खण्ड विकास अधिकारियों का भी सहयोग लिया जाएगा।
यह कार्यक्रम सोमवार से 15 दिनों तक चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाए जाने के उद्देश्य से तहसील मोदीनगर के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष कुमार वैश्य, तहसील लोनी के लिए अपर जिलाधिकारी भूमि अध्याप्ति कमलेश कुमार एवं तहसील सदर के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व यशवर्धन श्रीवास्तव को प्रभारी बनाया है। जनपद में कोविड टीकाकरण को रफ्तार देने के लिए जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की और उसके बाद स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी की जमीनी हकीकत जानने के लिए निवाड़ी स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण भी किया।
