– भाजपा कार्यालय पहुंचे पूर्व केन्द्रीय मंत्री का प्रदेश अध्यक्ष ने किया स्वागत
लखनऊ (हि.स.)। नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण करने के बाद पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद शनिवार को राजधानी लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। वहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्व कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद ने कहा कि वह जीवन भर भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे। पहली बार भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर उन्होंने कहा कि मेरे गृह प्रदेश से आज मेरी नई राजनीतिक यात्रा प्रारम्भ हो रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय पार्टियां देश-प्रदेश व समाज का भला कभी नहीं कर सकती क्योंकि क्षेत्रीय पार्टियां व्यक्ति विशेष के इर्द-गिर्द घूमती हैं, जहां देश-प्रदेश व समाज की प्राथमिकता दूसरे पायदान पर होती है।
श्री प्रसाद ने कहा कि देश व प्रदेश का सुरक्षित भविष्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व व भाजपा में ही संभव है। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा ही एक मात्र राष्ट्रीय दल रह गया है जहां, नीति निर्णय और उनका क्रियान्वयन संगठन व कार्यकर्ताओं की भावनाओं के अनुरूप होता है। भाजपा में सामान्य परिवार के व्यक्ति भी शीर्ष पदों पर पहुंच सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं व निर्णयों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करूंगा।
पूर्व में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर पहली बार पहुंचे पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को भाजपा परिवार में शामिल होने के लिए बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने जितिन प्रसाद को भाजपा पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।
स्वतंत्र देव सिंह ने इस मौके पर कहा कि भाजपा में सभी का सम्मान सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि जितिन प्रसाद ईमानदार छवि के व्यक्ति हैं, इनके आने से भाजपा को मजबूती मिलेगी। उन्होने कहा कि कभी चाय बेचने वाले, गरीब परिवार में पैदा हुए नरेन्द्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं और गरीबों की खुशहाली के लिए निरन्तर काम कर रहे हैं। पार्टी में अपनी कार्यक्षमता के आधार पर कोई भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता संगठन व सरकार में किसी भी पद पर पहुंच सकता है। आने वाले समय में हम सभी मिलकर साथ काम करेंगे।
प्रदेश मुख्यालय पर स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सहप्रभारी हिमांशु दुबे ने भी श्री प्रसाद का स्वागत किया। श्री प्रसाद ने प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल से भी मुलाकात की।
जितिन प्रसाद आज दिन में अमौसी हवाई अड्डे पर पहुंचे। वहां से सीधे वह भाजपा कार्यालय गये। पार्टी कार्यकर्ताओं ने हवाई अड्डे पर भी उनका जोरदार स्वागत किया।
UP News : जीवन भर भाजपा कार्यकर्ता के रूप में करूंगा काम : जितिन प्रसाद
RELATED ARTICLES
