Wednesday, March 4, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाUP News : जीवनदायिनी 'टेढ़ी नदी' का योगी सरकार से पुकार, मेरे...

UP News : जीवनदायिनी ‘टेढ़ी नदी’ का योगी सरकार से पुकार, मेरे उद्धार की योजनाओं को लागू करें

महेन्द्र तिवारी
गोंडा (हि.स.)। जीवनदायिनी टेढ़ी नदी अब अपने अस्तित्व के संकट से जूझ रही है। यह नदी अपने जीवन को बचाने के लिए योगी सरकार से गुहार लगा रही है कि ‘मेरे उद्धार के लिए प्रदेश सरकार ने जो योजना बनायी है, उसे लागू करें। यह नदी योगी सरकार को बार-बार पुकार रही है कि इस कलयुगी मानवरूपी राक्षसों से मेरे जीवन को बचाएं ताकि मैं अभिशाप न बनकर सबके लिए जीवनदायिनी बन सकूं।  गौरतलब है कि इस नदी पर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के कारण जहां एक तरफ नदी का क्षेत्रफल सिकुड़ता जा रहा है। वहीं अधिकांश जगहों पर नदी के आसपास खेत बन गए है। जिससे नदी नाले का रूप ले चुकी है। चीनी मिलों का गंदा पानी व हजारों टन कचरा फेंके जाने के कारण नदी का पानी पूरी तरह से अब काला पड़ गया है। जलकुंभी व सदाबहार ने नदी को पूरी तरह से अपने आगोश में ले लिया है। राजा सुहेलदेव ने आतताइयों से हिन्दू धर्म की रक्षा की
 धार्मिक मान्यताओं एवं ऐतिहासिक घटनाओं को सजोए टेढ़े मेढ़े आकार में बहने के कारण कुटिला गंगा को टेढ़ी नदी कहा जाने लगा। धार्मिक ग्रंथों के अनुसार महाराजा जनक के गुरु ऋषि अष्टावक्र का आश्रम इसी नदी के तट पर हुआ करता था। इस नदी के तट पर राजा सुहेलदेव ने आतताइयों से युद्ध कर हिंदू धर्म की रक्षा की थी। 
  बहराइच जनपद के चितौरा झील से निकलकर जनपद के मध्य भाग में बहती हुई करीब 219 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद कटरा, हलधार मऊ, परसपुर, बेलसर, तरबगंज, नवाबगंज होते हुए पवित्र सरयू नदी में मिलती है।
टेढ़ी नदी के विकास के लिए बनी 1317.87 लाख की कार्य योजना 
टेढ़ी नदी विकास के लिए जनपद में 1317.87.लाख की कार्य योजना बनाई गई थी। इनमें नदी के दोनों तरफ किनारे फलदार व छायादार वृक्ष लगाए जाने तथा नदी के किनारे पढ़ने वाली जनपद के सात ब्लॉक की 66 ग्राम पंचायतों में नदी से सटे 1 किलोमीटर की परिधि में तालाब बनाकर उसने पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किए जाने तथा तालाब के चारों ओर फलदार वृक्षों का रोपण लोगों को बैठने के लिए बेंच का निर्माण सहित तालाब को नदी से जोड़े जाने की योजना थी। ताकि तालाब का पानी कभी सूखने ना पाए। 
इसके अतिरिक्त जल की सतह को बरकरार रखने के लिए रिचार्ज पिट, डेल्टा निर्माण कार्य नदी की खुदाई सिल्ट सफाई कराए जाने थे। यह प्रस्ताव सिंचाई विभाग के माध्यम से भेजा गया था। इनमें तकनीकी रूप से मार्गदर्शन व नदी के अंदर का काम मसलन खुदाई व सफाई करने की जिम्मेदारी सिंचाई विभाग को सौंपी गई थी। 
किस ब्लॉक में कितनी है नदी की लंबाई 
टेढ़ी नदी जिले की कर्नलगंज व तरबगंज तहसील में बह रही है। विकासखंड कटराबाजार में 72 किलोमीटर, हलधरमऊ 13, परसपुर 10, बेलसर 28, झंझरी 27, तरबगंज 35 व नवाबगंज में 34 किलोमीटर लंबाई है। योजना तो बनी पर नहीं हुआ काम 
शासन द्वारा जनपद की टेढ़ी नदी व मनवर को संवारने के लिए कार्य योजना बनाई गई। बजट भी स्वीकृत हुए इनमें मनवर नदी को पुराने स्वरूप में लाने के लिए उद्गम स्थल से काम शुरू होकर कई किलोमीटर नदी की खुदाई भी कराई गई। लेकिन टेढ़ी नदी आज भी अपने अस्तित्व के संकट से जूझ रही है। 
 इस संबंध में डीसी मनरेगा हरिश्चंद्र राम प्रजापति ने बताया की कार्य योजना सिंचाई विभाग के माध्यम से बनाई गई थी। इसमें नदी के अंदर खुदाई सहित अन्य कार्य सिंचाई विभाग के माध्यम से किया जाना था। नदी के आसपास करीब 25 ग्राम पंचायतों में तालाब का निर्माण कराया गया था। इस वित्तीय वर्ष में टेढ़ी नदी के विकास पर काम शुरू किया जाना है। अभी तक सिंचाई विभाग को बजट न मिलने के कारण काम शुरू नहीं हो सका है। धन राशि का आवंटन होते ही काम शुरू कराया जाएगा। 

RELATED ARTICLES

Most Popular