Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : जीआई उत्पाद की आकर्षक पैकेजिंग और प्रभावी मार्केटिंग से...

UP News : जीआई उत्पाद की आकर्षक पैकेजिंग और प्रभावी मार्केटिंग से बढ़ेगा उत्पादक का लाभ

–दीनदयाल हस्तकला संकुल में लगे प्रदर्शनी में सिद्धार्थनगर का काला नमक चावल की मांग बढ़ी

वाराणसी (हि.स.)। बड़ालालपुर स्थित पं.दीन दयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल में मंगलवार को जीआई उत्पादों की प्रदर्शनी में सिद्धार्थनगर का काला नमक चावल लोगों में आकर्षण बना रहा। लोग प्रदर्शनी देखने के साथ काला नमक चावल की खरीददारी भी करते रहे। 
यूपी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल उत्तर प्रदेश सरकार और फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की ) के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित प्रदर्शनी में लखनऊ की चिकनकारी और हाथ से बने सजावटी सामान में भी लोगों ने दिलचस्पी दिखाई। काला नमक चावल का स्टाल लगाने वाले अभिषेक सिंह ने बताया कि उनका एक क्विंटल का पूरा स्टॉक पहले ही दिन खत्म हो चुका था। उन्हें अब तक 17 क्विंटल काला नमक चावल का स्टॉक अपने जिले से मंगाना पड़ा है।
संयुक्त आयुक्त इंडस्ट्रीज उमेश सिंह के अनुसार भौतिक और वर्चुअल प्रदर्शनी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खरीददारों और विक्रेताओं को परस्पर संवाद का बेहद प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है। जीआई टैग अपने आप मे गुणवत्ता की गारंटी है और इस प्रदर्शनी में एक से एक अनूठे और गुणवत्ता वाले उत्पाद विक्रय के लिए प्रदर्शित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाले विक्रेताओं ने जीआई टैग मिलने के कारण कोरोना जैसे संकट काल में अपने उत्पादों की अच्छी बिक्री की है। सरकार ने जिस गम्भीरता के साथ हस्तशिल्पियों के वोकल फ़ॉर लोकल के सिद्धांत पर कार्य करना शुरू किया था। उसके बेहद सुखद परिणाम सामने आ रहे हैं।
एपिडा अध्यक्ष और कमिश्नर ने प्रदर्शनी का किया अवलोकनवाराणसी के कमिश्नर दीपक अग्रवाल और एपीडा के चेयरमैन एम अंगमुत्थु भी मंगलवार को प्रदर्शनी में पहुंचे। दोनों अफसरों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रतिभागियों को सरकार से हर संभव मदद दिलाने को लेकर आश्वस्त किया। एपीडा के सीईओ ने कृषि उत्पादों खासतौर से प्रयागराज के सुरखा अमरूद को निर्यात किए जाने को लेकर अपनी दिलचस्पी जाहिर की।
प्रदर्शनी में वर्चुअल व्याख्यान प्रदर्शनी में दूसरे दिन वर्चुअल और फिजिकल परिचर्चा भी हुई। जीआई प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग में आने वाली चुनौतियों विषयक व्याख्यान में निजी प्रबंधन कालेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ अमिताभ पांडेय ने प्रतिभागियों को अपने जीआई प्रोडक्ट्स के लिए सही खरीददार ढूंढने और बाजार में अपने प्रोडक्ट्स को सही मूल्य प्राप्त करने का मार्गदर्शन दिया। असिस्टेंट कमिश्नर ;हैंडलूम एंड टेक्सटाइल नितेश धवन ने जीआई उत्पादों की मार्केटिंग प्रभावी रणनीति बनाए जाने को आवश्यक बताया। उन्होंने बताया वाराणसी क्षेत्र में 12 जीआई प्रोडक्ट्स रजिस्टर हो चुके हैं। 
डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज वीरेंद्र कुमार ने कहा कि उत्पादक एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन पर अपना शो रूम खोलना चाहते हैं। तो उन्हें सरकार की तरफ से अनुदान मिलता है।  साथ ही जो उत्पादक अपना प्रोडक्ट ब्रोशर विदेश कुरियर करना चाहते उसके लिए भी सरकार मदद करती है। उन्होंने कहा कि किसी भी उत्पाद की कीमत उसकी पैकेजिंग बढ़ा देती है। हस्तशिल्पियों और उत्पादकों को इस तथ्य का ध्यान रखना होगा तभी उन्हें अपने कला और परिश्रम का पूरा लाभ मिल सकेगा।
 Submitted By: Shreedhar Tripathi Edited By: Deepak Yadav

RELATED ARTICLES

Most Popular