-कोरोना के बढ़ते संक्रमण के खतरे को देख कर्मचारियों को सतर्क रहने का निर्देश
वाराणसी (हि.स.)। वाराणसी में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल जानने मंगलवार को जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा पांडेयपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में पहुंचे। जिलाधिकारी ने कोविड ओपीडी, आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण कर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि इस बार कोरोना की प्रजाति काफी खतरनाक है । इसलिए कर्मचारियों को अधिक खतरे की सम्भावना है । उन्हें विशेष रूप से सुरक्षात्मक तरीके अपनाते हुए मरीजों की देखभाल करनी है। जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों को भोजन समय से दिया जाय, गुणवत्ता की जांच भी समय समय पर होनी चाहिए। नये मरीजों के लिए सरकार के द्वारा जारी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने वर्तमान में भर्ती चार कोरोना मरीजों की देखभाल के लिए डाक्टरों की टीम के बारे में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से जानकारी ली तथा उनके इलाज के बारे में पूछा। जिलाधिकारी ने इस दौरान आइवरमेक्टिन सहित अन्य जरूरी दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली तथा कोविड मरीजों की जांंच की व्यवस्था देखी। कोविड के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उन्होंने पहले से पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वीबी सिंह सहित सभी सम्बंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
