मेरठ (हि.स.)। जिलाधिकारी के बालाजी ने बुधवार को परतापुर स्थित कान्हा उपवन गौशाला का औचक निरीक्ष्ण किया। इस दौरान डीएम ने गौवंश को ठंड से बचाने के उपाय करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस लाइन में निर्माणाधीन ट्रांजिट हाॅस्टल का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी बुधवार को सबसे पहले नगर निगम मेरठ द्वारा संचालित कान्हा उपवन गौशाला परतापुर पहुंचे। इस गौशाला में लगभग 450 गौवंश संरक्षित है। निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गौवंश को ठंड से बचाने के उपाय किए जाए। शहर में घूम रहे निराश्रित गौवंश को संरक्षित करने के उपाय किए जाए।
सहायक नगर आयुक्त ब्रजपाल सिंह ने बताया कि नगर निगम मेरठ द्वारा अतिरिक्त शेडो के निर्माण हेतु शासन से दो करोड़ रुपए मांगे गए हैं। इस अवसर पर मुख्य प्शु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अनिल कंसल आदि मौजूद थे।
पुलिस लाईन में निर्माणाधीन ट्रांजिट हास्टल का निरीक्षण
जिलाधिकारी के बालाजी ने पुलिस लाईन में निर्माणाधीन ट्रांजिट हास्टल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। राजकीय निर्माण निगम के सहायक अभियंता प्रत्युष सिंह ने बताया कि ट्रांजिट हाॅस्टल का निर्माण 47 करोड़ रुपए से किया जा रहा है। इसमें चार ब्लाॅक है और एक ब्लाॅक में 48 फ्लैट बनाए जा रहे हैं। इस तरह से 192 फ्लैट बन रहे हैं। ट्रांजिट हाॅस्टल करीब सात हजार वर्ग मीटर में बनाया जा रहा है, जिसे दिसम्बर 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
Submitted By: Dr. Kuldeep Tyagi Edited By: Deepak Yadav
