जौनपुर (हि.स.)। मछलीशहर कोतवाली थाना क्षेत्र के दियावानाथ शिवालय में सावन के प्रथम सोमवार को जलाभिषेक के लिए जल भरते समय मन्दिर के पुजारी और एक भक्त के बीच हुए विवाद हो गया। मारपीट में भक्त के सिर में चोट आई हैं। मन्दिर में तैनात सिपाही दोनों को लेकर मछली शहर कोतवाली ले आये हैं।
सोमवार की सुबह मीरगंज थाना क्षेत्र के दरापुर निवासी शिवसागर शुक्ल दर्शन पूजन करने के लिए मन्दिर में आये थे। वे मन्दिर परिसर में लगे नल से जलाभिषेक के लिए जल ले रहे थे कि इसी बीच मन्दिर के पुजारी सनद मिश्र भी जल लेने के लिए पहुंच गए। आरोप है कि पुजारी ने पहले जल भरने के धक्का देकर भक्त को हटाना चाहा। इसी बात को लेकर लेकर दोनों में विवाद हो गया।
पुजारी ने जल लेने के लिए हाथ में लिए गए लोटे से प्रहार कर दिया, जिससे श्रद्धालु के सिर में चोट आई और खून टपकने लगा। इसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। विवाद बढ़ता देख मौके पर तैनात सिपाही दोनों को लेकर कोतवाली मछलीशहर आ गए। जहां पर घायल शिवसागर शुक्ल का उपचार कराया गया।
मामले में प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय का कहना है कि दोनों पक्षों को बैठाकर मामले को शांत कराने का प्रयास किया गया है। लेकिन अगर वे नहीं मानते है तो दोनों तरफ से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
