मेरठ (हि.स.)। किठौर थाना क्षेत्र के कायस्थ बड्ढा गांव में गुरुवार को जमीन की नपाई को लेकर बवाल हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव व फायरिंग हुई। आपस में भिड़ रहे ग्रामीणों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
कायस्थ बड्ढा गांव के रहने वाले बंदा ने अपने खेत की कुछ जमीन जावेद के बेटों नईम और फईम को बेची थी। गुरुवार को नईम और फईम यहां घर बनाने के लिए जमीन की नपाई करने गए थे। इसी दौरान ज्यादा जमीन नापने को लेकर बंदा के बेटे नाजिम और हाशिम दूसरे पक्ष से भिड़ गए। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग एकत्र हो गए। उनके बीच जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। एक पक्ष ने फायरिंग भी कर दी। घटना के चलते गांव में हड़कंप मच गया। इस पूरे संघर्ष का वीडियो भी वायरल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बंदा के बेटे नाजिम और हाशिम व दूसरे पक्ष से फईम और नईम को गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपितों के खिलाफ बलवे सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
