Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता:...

UP News : जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: केशव मौर्य

-उप मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

लखनऊ (हि.स.)।  उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को यहां कहा कि जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का त्वरित गति से निस्तारण के निर्देश भी दिए हैं।
उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य आज राजधानी स्थित अपने सरकारी आवास 7-कालिदास मार्ग पर आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फोन करके कहा कि समस्याओं का निस्तारण जहां निर्धारित समय-सीमा के अन्दर किया जाय, वहीं निस्तारण की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जाय, ताकि कोई समस्याग्रस्त व्यक्ति अपनी समस्या के बारे में बार-बार इधर-उधर न भटके। उन्होंने कहा कि समस्याओं का निस्तारण करते हुये समस्याग्रस्त व्यक्ति को उसके प्रकरण के निस्तारण के बारे में सूचित भी किया जाय। 
श्री मौर्य के जनता दर्शन कार्यक्रम में आज लोगों का भारी मजमा रहा। बदायंू, शाहजहांपुर, बरेली, कानपुर, नोएडा, सम्भल, सिद्धार्थनगर, हरदोई, आजमगढ़, सीतापुर, गाजीपुर, कासगंज, सहारनपुर, लखनऊ, उन्नाव, आगरा, रायबरेली, बिजनौर आदि लगभग दो दर्जन जिलों से आये लोगों ने उप मुख्यमंत्री के सम्मुख अपनी समस्याएं रखीं। 
लखनऊ के प्रवीन कुमार मित्तल ने फीस माफी, उन्नाव की शोभा गुप्ता ने न्याय व सुरक्षा के बारे में, आगरा की मीरा देवी व बरेली के किशन लाल तथा प्रयागराज की सुशीला ने आवास आवंटन, रायबरेली की बिन्दु ने अभियोजन के सम्बन्ध में, बिजनौर की किरन सैनी ने अपने भाई को कथित झुठे केस में फंसाये जाने विषयक प्रकरण उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। श्री मौर्य ने भी सभी की बातें सुनी और कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये गये। इस दौरान उन्होंने कई जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षकों, बेसिक शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों, सीईओ नोएडा आदि से समस्याओं के निस्तारण के सम्बन्ध में दूरभाष पर वार्ता भी की। 

RELATED ARTICLES

Most Popular