अम्बेडकरनगर (हि.स.)। जिले में शुक्रवार को थानाक्षेत्र जैतपुर के अंतर्गत तिघरा बाजार में जन सेवा केन्द्र और कपड़े की दुकान चला रहे प्रदीप कुमार को बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। जब वह अपने घर गोपरीचांदपुर (सिंहीपुर) से सुबह अपनी दुकान पर जा रहा था। घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी और जांच शुरू कर दी।
घात लगाकर रास्ते में पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने प्रदीप से नगदी समेत बैग छिनने का प्रयास किया, लेकिन असफल होने पर बदमाशों ने प्रदीप को गोली मार दी। गोली लगते ही प्रदीप घायल होकर गिर पड़ा। कैशबैग गले में फंसे होने और हेलमेट लगे होने से गोली जबड़े को छीलती हुई निकाल गई। फायर की आवाज सुनकर जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक लुटेरे फरार होने में सफल हो गए।
सूचना पर पहुंचे जैतपुर थाना प्रभारी राकेश कुमार गुप्ता ने घायल को सामुदायिक स्वस्थ्य केंद्र सेमरा भिजवाया। लूट और गोली लगने की सूचना मिलते ही जलालपुर क्षेत्राधिकारी अशोक सिंह ने पहुंचकर जांच पड़ताल की और जल्द ही लुटेरों को पकड़ने का निर्देश दिया। दिन दहाड़े हुए गोली काण्ड और लूट की घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
