झांसी (हि.स.)। जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने जनपद के विकासखंड बड़ागांव की ग्राम पंचायत गोपालपुर में शत-प्रतिशत कोरोना टीकाकरण कराकर जनपद में शत प्रतिशत कोरोना वैक्सीन कराने वाली 20वीं पंचायत बन जाने पर बधाई दी, उन्होंने कहा कि अन्य ग्राम पंचायत भी शत प्रतिशत कोरोना टीकाकरण करने वाली ग्राम पंचायतों का अनुसरण करते हुए शत-प्रतिशत टीकाकरण कराएं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से बचने के लिए टीकाकरण बहुत जरूरी है।
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत गोपालपुर के समस्त ग्राम वासियों सहित ग्राम में तैनात सर्विलांस टीम, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, स्वयं सहायता समूह के साथ ही टीकाकरण टीम व एमओआईसी को बधाई देते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से यह संभव हो सका है।
जिलाधिकारी ने जनपद की अन्य ग्राम पंचायतों के नवनियुक्त ग्राम प्रधानों से भी अनुरोध किया कि जिन ग्राम पंचायतो में शत-प्रतिशत कोरोना टीकाकरण हो गया है उनका अनुसरण करते हुए अपनी ग्राम पंचायत में भी शत-प्रतिशत टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें। जनपद के विकासखंड बड़ागांव की ग्राम पंचायत गोपालपुर में कोविड-19 टीकाकरण के द्वारा 188 ग्रामवासियों को कोरोना के बचाव के लिए प्रथम डोज वैक्सीन की लगाई जा चुकी है।
वैक्सीन लगाए गए व्यक्तियों में 18 से 44 वर्ष के 125 एवं 45 वर्ष से अधिक आयु के 63 व्यक्तियों को वैक्सीन लगाये जाने का कार्य किया जा चुका है, जिसमें 68 महिलाएं व 120 पुरुष शामिल हैं। ग्राम पंचायत गोपालपुर में 60 परिवार निवासरत हैं और कुल जनसंख्या 285 है। ग्राम पंचायत गोपालपुर में 18 वर्ष से अधिक उम्र की जनसंख्या 219 हैं, और 31 गांव के बाहर रहते हैं उन्होंने कोरोना टीकाकरण में प्रति भाग नहीं लिया है।
