वाराणसी (हि.स.)। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रनेता और समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ता रोहित यादव को गोली मारने वाले हमलावर अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाये हैं। इससे नाराज समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को एसएसपी अमित पाठक से मिला। प्रतिनिधिमंडल में शामिल जिलाध्यक्ष सुजीत यादव (लक्कड़) और महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने एसएसपी से हमलावरों के शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
14 मार्च को देर शाम चेतगंज थाना क्षेत्र के बाग बरियार सिंह मुहल्ले में कहासुनी के बाद मोटरसाइकिल सवार एक बदमाश ने छात्र नेता रोहित यादव (23) को गोली मार दी थी। गम्भीर रूप से घायल छात्रनेता का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने बताया कि छात्रनेता के हमलावरों को चिह्नित कर उसे गिरफ्तार कर कड़ी कार्यवाही की मांग की गई। सपा नेता ने बताया कि छात्रनेता को गोली मारने के मामले में क्षेत्रीय पुलिस विष्णु केशरी जो पीड़ित पक्ष का है, ठेले पर सामान बेचता है। उसको बुलाकर बेवजह पुलिस पूछताछ कर रही है। जबकि असली हमलावर पुलिस की पकड़ सेे बाहर हैं। प्रतिनिधिमंडल में जितेन्द्र यादव, व्यापार सभा के पदाधिकारी प्रदीप जायसवाल, संदीप शर्मा, विवेक सिंह आदि शामिल रहे।
