Tuesday, January 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : चार साल तक ट्विटर पर चले अखिलेश, अब चल...

UP News : चार साल तक ट्विटर पर चले अखिलेश, अब चल रहे साइकिल पर : स्वामी प्रसाद मौर्य

फिरोजाबाद (हि.स.)। प्रदेश सरकार के श्रम, समन्वय एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को नगर के पी.डी. जैन इण्टर कॉलेज के मैदान में भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत आगरा मंण्ड़ल के चारों जनपदों के निर्माण श्रमिकों को लाभान्वित किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने विपक्षी पार्टियों पर भी जमकर निशाना साधा।

 मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने मीडिया की ओर से बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के घायल होने के सवाल पर कहा कि वह घायल हैं उनको चोट है लेकिन वह किस रूप में घायल हुई कैसे घायल हुई इस बात का खुलासा अभी नहीं हुआ है। वह जल्दी स्वस्थ हों ऐसी ईश्वर से कामना करता हूं। अगर उनका यह आरोप है कि विरोधियों ने उन पर हमला कराया या कुछ अनजान चेहरों ने उन पर हमला किया तो सरकार उनकी है वह अपने को खुद कठघरे में खड़ा कर रही हैं कि जहां मुख्यमंत्री खुद सुरक्षित नहीं है तो उस बंगाल के लोग कैसे सुरक्षित होंगे।
बंगाल में किसान मोर्चा के पंचायत करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसान भाजपा की प्राथमिकता में रहा है और भाजपा भी किसानों की प्राथमिकता में रही है। किसान पहले भी भाजपा को लोकसभा, विधानसभा में जीताया है और बंगाल चुनाव में भी किसान हमे जितायेगा। किसान के नाम पर कुछ चोला पहनकर के चेहरे जायें और किसान की दुहाई देकर किसान को बदनाम करें, यह अच्छी बात नहीं है। आज पूरे देश का किसान भाजपा के साथ है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रामपुर से साईकिल रैली की शुरूआत करने के सवाल पर कबीना मंत्री ने कहा कि चूंकि ट्विटर पर आधारित नेता चलना सीख रहे हैं यह अच्छी बात है। लेकिन कुल मिलाकर आज जितनी भी विपक्षी पार्टियां हैं चाहे वह केन्द्र की हो या प्रदेश की सब मुद्दाविहीन हो चुकी हैं। मुद्दा विहीन राजनैतिक दल कभी भी खड़ा नहीं हो सकता है। 
 कहा कि अब चुनाव की घण्टी बजते ही वह सड़क पर निकल रहे हैं तो प्रदेश की जनता भी यह देख रही है अभी चार साल तक ट्विटर पर चल रहे थे अब साईकिल पर चलना शुरू किया है। अब उन्हें जनता की याद आ रही है अभी तक जनता को भूल गये थे। उनका यह दिखावा नहीं चलेगा।
  मुरादाबाद में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने पत्रकारों से मारपीट के सवाल पर कहा कि उनके इन्हीं काले कारनामों के चलते जनता ने उन्हें खारिज कर दिया था और अब सड़क पर निकलते ही लाठी डंडा मारपीट हिंसा शुरू हो गया तो यह इनका पुराना चरित्र फिर से सामने आ गया और जनता जो भूल रही थी इनके गुण्डाराज को उस भूले हुये पर्दे को मुरादाबाद की घटना ने जनता के सामने ला दिया है।
पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों पर उन्होंने कहा कि जहां मांग अधिक होगी वहां कीमतों में बढ़ोत्तरी आयेगी और जहां कम मांग होगी वहां कीमतों में गिरावट भी आयेगी यह स्वाभाविक है।
उन्होंने राहुल गांधी के देश से लोकतंत्र खत्म होने के सवाल पर कहा कि देश में लोकतंत्र अभी भी जिंदा है लेकिन कांग्रेस यदि खत्म हो गई है तो यह अलग बात है।
  कार्यक्रम में भाजपा विधायक मनीष असीजा, शिकोहाबाद विधायक डाॅ मुकेश वर्मा, टूण्डला विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर, मेयर नूतन राठौर, जिलाध्यक्ष भाजपा मानवेन्द्र प्रताप सिंह लोधी, महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार, महिला आयोग की सदस्या सुमन चतुर्वेदी, एडीएम आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव, नगर मजिस्टेªट गुलशन कुमार, एसपी सिटी मुकेश मिश्र आदि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular