हापुड़ (हि.स.)। हापुड़ स्थित दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाईपास के निकट मंगलवार को एक चलती बाइक में आग लग गई। जिससे बाइक सवार युवक जिंदा जल गया। लोगों ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया और इस लोमहर्षक हादसे की वीडियो बनाते रहे।
मंगलवार की दोपहर एक युवक बाइक पर सवार होकर दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग से गढ़मुक्तेश्वर की ओर जा रहा था। हापुड़ बाईपास पर बुलन्दशहर मार्ग के निकट अचानक उसकी चलती बाइक में आग लग गई। बाइक सवार युवक जब तक कुछ समझ पाता, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर दिया। देखते ही देखते बाइक और बाइक सवार आग में जल गए। सड़क चलते लोगों ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया और लोग दुर्घटना स्थल पर रुक कर वीडियो फिल्म बनाते रहे। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक की मौत हो चुकी थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी एसएन वैभव पांडे ने बताया कि जली हुई बाइक और युवक के अवशेषों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के कारणों का पता चल पाएगा। आग में जले युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
