Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : घर में घुसकर छात्रा की गोली मारकर हत्या, दो...

UP News : घर में घुसकर छात्रा की गोली मारकर हत्या, दो आरोपित हिरासत में

फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना रसूलपुर क्षेत्र प्रेम नगर डाक बंगला में शुक्रवार की देर रात्रि एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के पिता ने तीन नामजदों व कुछ अन्य पर घर में घुसकर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच में जुटी है। 

थाना रसूलपुर क्षेत्र प्रेमनगर डाक बंगला गली नंबर दो निवासी अजय की पुत्री ईशु (16) की शुक्रवार देर रात घर के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही एसएसपी सचिन्द्र पटेल, एसपी सिटी मुकेश कुमार मिश्रा, सीओ सिटी हरिमोहन सिंह सहित कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से वारदात के सम्बन्ध में जानकारी ली। मृतक छात्रा के पिता अजय ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान सभी परिजन छत पर थे। 
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी कलावती स्कूल में 11 वीं की छात्रा थी। जब वह घर लौट रही थी तभी कुछ युवकों ने उसे रोका था, जिसका उसने मौके पर ही जबाव दिया था। पिता ने तीन नामजद लोगों व कुछ अन्य पर घर में घुसकर बेटी की गोली मारकर हत्या का आरोप लगाया है। 
इस सम्बंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सचिन्द्र पटेल ने शनिवार को बताया कि थाना रसूलपुर क्षेत्र प्रेमनगर में एक 16 वर्षीय लड़की की हत्या की सूचना मिली थी। पिता का कहना है तीन लोगों ने घर में घुसकर हत्या की है। उन्होंने आरोपितों के नाम भी बताएं हैं। इस प्रकरण में सभी तथ्यों की जांच कर तीन टीमें गठित की गई हैं। पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। घटना का जल्द ही खुलासा किया जायेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular