गाज़ियाबाद (हि.स.)। कपड़ा व्यापारी वे उनके दो बेटों की हत्या का मामला अभी लोनी पुलिस सुलझा भी नहीं पाई है कि मंगलवार को नवीन कुंज कालोनी में घर के बाहर बैठे सभासद को तीन नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर फरार हो गए। सभासद की टांग में गोली लगी है और उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोनी में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। इस हमले के बाद नवीन कुंज कालोनी में दहशत का माहौल है।
नवीन कुंज निवासी सभासद जगत सिंह आज सुबह 9:00 बजे अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। तभी मोटरसाइकिल पर तीन नकाबपोश बदमाश आए और सभासद पर कई गोलियां दाग दी और फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग एकत्र हो गए और घायल सभासद को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाकर भर्ती कराया।
प्रत्यक्षदर्शियोंं का कहना है कि तीनों बदमाश नकाबपोश थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
लोनी थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि मौके पर कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जगत सिंह का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उसने एक बदमाश को गोली मारते हुए देखा है। अभी तक इस सम्बंध में कोई तहरीर नहीं आई है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
आपको बता दें कि, सोमवार की तड़के भी लोनी थाना क्षेत्र में ही बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी व उसके दो बेटों की गोली मारकर सनसनीखेज तरीके से हत्या कर दी थी। अभी तक पुलिस इस सम्बंध में किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
UP News : घर के बाहर बैठे सभासद को नकाबपोश बदमाशों ने मारी गोली
RELATED ARTICLES
