Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : गेहूं खरीद का भुगतान तीन दिन में न करने...

UP News : गेहूं खरीद का भुगतान तीन दिन में न करने पर होगी एफआईआर – डीएम

-पिछले दो वित्तीय वर्षों में गेहूं खरीद का बकाया भुगतान न करने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार
हमीरपुर(हि.स.)। जिलाधिकारी ने पिछले दो सालों के गेहूं खरीद का बकाया भुगतान न करने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि यदि तीन दिन के अंदर भुगतान नहीं किया गया तो इस मामले की एफआईआर दर्ज करायी जायेगी। 
जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी शनिवार को दोपहर बाद कलेक्ट्रेट मीटिंग हाल में 1 अप्रैल 2021 से शुरू होने वाली गेहूं खरीद अभियान की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2018-19 एवं 2019-20 में गेहूं खरीद का बकाया भुगतान न करने पर सम्बन्धित को नोटिसें जारी की जाये।
कहा कि 1 अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं खरीद की सभी व्यवस्थाएं पहले से ही पूर्ण कर ली जाएं। इसके लिए पर्याप्त बोरा/बारदाना क्रय केंद्र में कृषकों के बैठने की व्यवस्था, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, छन्ना ,पंखा, नमी मापक यंत्र आदि की व्यवस्था पहले से ही कर ली जाए। खरीद हेतु मंडियों में चबूतरे का आवंटन 15 मार्च तक पूर्ण कर लिया जाए। जिला स्तरीय अधिकारियों  को नोडल अधिकारी नामित कर क्रय केंद्रों का निरीक्षण हेतु रोस्टर आदि बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नए क्रय केंद्र खोलने से पहले उसके औचित्य, भंडारण हेतु गोदाम आदि का भली-भांति अवलोकन आदि कर लिया जाए। भंडारण हेतु जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। इस बार जनपद में कुल 46 गेहूं क्रय केंद्र बनाए जाएंगे। इसके अंतर्गत पीसीएफ के 38 ,एफसीआई के 2 तथा विपणन शाखा के 6 क्रय केंद्र विभिन्न स्थलों पर खोले जाएंगे।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी विनय प्रकाश श्रीवास्तव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी बृजेश कुमार यादव, पीसीएफ/एफसीआई, अन्य क्रय एजेंसियों के प्रभारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular